सहारनपुर में किसान महापंचायत में कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने संबोधित किया।
सहारनपुर महापंचायत में प्रियंका वाड्रा ने पीएम मोदी पर निशाना साधा। कहा कि पीएम का सीना खरबपतियों के लिए धड़कता है। साथ ही कृषि कानूनों पर बोलते हुए कहा कि यह कानून किसानों को बर्बाद कर देगा।
सहारनपुर किसान महापंचायत बुधवार को सहारनपुर के चिलकाना में कांग्रेस की ओर से आयोजित की गई थी। इस दौरान कांग्रेस महासचिव प्रियंका ने संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पीएम अपनी जुबान के पक्के नहीं हैं। पीएम का 56 इंच का सीना खरबपतियों के लिए धड़कता है। कहा कि इस देश को आत्मनिर्भर बनाने वाला किसान है। किसान का बेटा सीमा पर शहीद होता है, किसान का ही बेटा पीएम की सुरक्षा करता है लेकिन प्रधानमंत्री किसान को नहीं पहचान रहे। वह उनका अपमान कर रहे हैं। कहा कि कोरोना में कहां थे यह खरबपति मित्र जब लोग पैदल घर जा रहे थे। कांग्रेस सरकार आएगी तो यह कृषि कानून रद होगा। आप खड़े होइए, हिम्मत बनाइये, यह अस्तित्व का आंदोलन है और हम आपके साथ हैं। प्रियंका ने कृषि कानूनों को राक्षस रूप बताते हुए कहा कि यह जमाखोरी के दरवाजे खोलेंगे। लगभग शाम पांच बजे प्रियंका वाड्रा सहारनपुर से रवाना हो गईं।