मेरठ। अधिवक्ता की आत्महत्या के बाद से मेरठ के वकीलों में उबाल है। मृतक अधिवक्ता ने अपने सुसाइट नोट में मौत का जिम्मेदार भाजपा के ​हस्तिनापुर से विधायक दिेनेश खटीक को बताया था। जिसके बाद पुलिस ने भाजपा विधायक सहित 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज कर लिया। लेकिन घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी भाजपा विधायक की गिरफ्तारी नहीं होने से मेरठ बार के पदाधिकारियों और कचहरी के वकीलों में रोष है। भाजपा विधायक की गिरफ्तारी को लेकर आज सड़कों पर उतरे वकीलों ने रोड जाम कर दिया। इस दौरान वकीलों ने पुलिस-प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि अगर भाजपा विधायक दिनेश खटीक की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे कचहरी में काम ठप कर देंगे। उनके साथ पश्चिम उप्र के अन्य जिलों के वकील भी हड़ताल पर चले जाएंगे। वहीं वकीलों के इस प्रदर्शन से पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं। वकीलों के प्रदर्शन और सड़क जाम के चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान प्रदर्शनकारी वकीलों ने भाजपा और मोदी,योगी के खिलाफ जोरदान नारेबाजी की।

मेरठ बार एसोसिएशन के अधिवक्ता अनवर ने बताया कि भाजपा विधायक और उनके पीआरओ इस समय आम लोगों को धमकाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के दो विधायक इस समय विवादों को सुलझाने के नाम पर लोगों पर दबाव बनाते हैं। उन्होंने कहा कि हस्तिनापुर के विधायक दिनेश खटीक ने अधिवक्ता पर उनके बेटे की ससुरालवालों से समझौते का दबाव बनाया। पहले मामला 13 लाख रुपये देने का था लेकिन बाद में विधायक ने 15 लाख रुपये समझौते के रूप में देने की बात कही। जिस पर दबाव में आकर अधिवक्ता ने सुसाइट कर लिया। मेरठ बार एसोसिएशन के संदीप सिंह ने कहा कि पुलिस ने 24 घंटे में भाजपा विधायक दिनेश खटीक को गिरफ्तार करने की बात कही है। अगर विधायक गिरफ्तार नहीं होता तो वकील हाउस बंद कर देंगे और हड़ताल पर रहेंगे।