मेरठ कंकरखेड़ा- कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के प्रयास से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सरकारी अस्पताल) के लिए 512.32 लाख रुपए स्वीकृत कराए। जिसकी पहली किस्त के रूप में 50 लाख रुपए आने पर कंकरखेड़ा क्षेत्र स्थित संत विहार दांतल में अस्पताल का शिलान्यास किया गया। यह कार्यक्रम पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती के उपलक्ष में कोविड-19 की गाइडलाइन का पालन करते हुए किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सत्यप्रकाश अग्रवाल ने शिलान्यास किया। इस अवसर पर विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने कहा कि क्षेत्र की जनता की मांग को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिक योजनाओं में से एक सरकारी अस्पताल के निर्माण से क्षेत्र की जनता को बहुत राहत मिलेगी। 45 सौ वर्ग मीटर में बनने वाले दो मंजिला सरकारी अस्पताल में 30 बेड की क्षमता होगी। जिसमें सभी प्रकार की योजनाएं एवं सभी स्वास्थ्य संबंधित सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। महिलाओं के संबंधी सभी चिकित्सा सुविधाओं एवं प्रसव की भी सुविधा होगी। जिसके लिए इस अस्पताल में महिला डॉक्टर की नियुक्ति भी होगी। इस अस्पताल में जन्म लेने वाले बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र भी इसी अस्पताल से जारी किया जाएगा। शिलान्यास के अवसर पर आए मेरठ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजकुमार ने बताया कि इस अस्पताल को तैयार होने का लक्ष्य 2022 तक का रखा गया है। निर्माण कार्य शुक्रवार से प्रारंभ हो गया है। निर्माण कार्यदायी संस्था आवास विकास विभाग है। अस्पताल परिसर में कर्मचारियों के रहने के लिए आवासीय मकान भी बनाए जाएंगे। शल्य चिकित्सा छोड़कर सभी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं यहां उपलब्ध रहेंगी। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में आए संयुक्त व्यापार संघ के उपाध्यक्ष नीरज मित्तल ने कहा कि चिकित्सा सुविधाओं के लिए क्षेत्र की जनता को दूर जाना पड़ता था। अब क्षेत्र में अस्पताल बनने से बहुत लाभ होगा। क्षेत्र के सभी जनता की ओर से उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं कैंट विधायक सत्य प्रकाश अग्रवाल का धन्यवाद किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा महानगर उपाध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद मनीष पंवार, विनय चौधरी, अमरदीप पंवार, गणेश अग्रवाल, राजेश खन्ना, हेतराम शाक्य, निशांक गर्ग, विक्रांत ढाका, लोकेश चौहान सहित क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
previous post
next post