नोएडा। ग्रेटर नोएडा में ईस्टर्न पेरिफेरल पर रविवार सुबह बस और ट्रक की भीषण टक्कर में एक महिला की मौत हो गई और 19 यात्री घायल हो गए। हादसे के बाद पेरिफेरल एक्सप्रेस वे पर यात्रियों की चींख पुकार मच गई। लोगों ने किसी तरह से दुर्घटनाग्रस्त बस के भीतर से यात्रियों को बाहर निकाला। वहीं मौके पर पहुंची राहत टीम ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र दादरी के अंतर्गत प्रातः एक प्राइवेट बस नंंबर पंजाब से बिहार जा रही थी। जिसमें अधिकांश लोग बिहार के ही थे। ये लोग अपने घर वापस जा रहे थे। बस ईस्टर्न पेरिफेरल पर तेज गति से दौड़ रही थी। इसी दौरान ईस्टर्न पेरिफेरल पर चालक ने एक ट्रक को खड़े तो देख लिया लेकिन वह बस में तेज गति से ब्रेक नहीं लगा पाया। जिससे बस ने ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में करीब 19 लोग घायल हो गए और एक महिला की मौत हो गई। घायलों को अस्पताल पहुंचा कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। मृतक महिला की अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए। जिस ट्रक से यह बस की टक्कर हुई थी उसमें लोहे के तार लदे हुए थे। हादसे के बाद ट्रक चालक और परिचालक फरार हो गए। पुलिस घटना की जांच कर रही है।